सोमवार, 20 दिसंबर 2010

भोजन न बनाने पर ले ली पत्नी की जान


पवई (आजमगढ़) : गुस्सा इंसान को कभी-कभी हैवान बना देता है और उस दौरान वह क्या कर डालेगा, पता नहीं। इसी गुस्से में एक पति ने अपनी पत्‍‌नी को मौत के घाट उतार दिया। पत्‍‌नी का कसूर केवल इतना था कि उसने भोजन नहीं बनाया था। वैसे घटना के पीछे कई कारणों की चर्चा हो रही है। घटना पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नाटी में शनिवार को अपराह्न तीन बजे के करीब हुई। यहां सरेला नामक 26 वर्षीया विवाहिता की हत्या कर दी गयी। घटना के बाद पूरा परिवार मौन साधे पड़ा था। किसी तरह से प्रधान राजबहादुर यादव को सरेला के मरने की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी पति को घर से ही गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पति त्रिवेणी मौर्य तीन भाइयों में सबसे छोटा और घर पर खेतीबाड़ी के साथ भट्ठे पर मजदूरी करता है। उसके बड़े भाई जैसराज व मझले भाई त्रिलोकी मुम्बई में रहते हैं, जबकि दोनों भाइयों का परिवार गांव में अलग-अलग रहता है। घटना वाले दिन सास केवला देवी जब पुराने मकान से नये मकान में भैंस को चारा देने पहुंची तो देखा कि सरेला चारपाई पर अचेत पड़ी है। यह देख उसकी कुछ समझ में नहीं आया और वह वहीं पर बैठी रह गयी। थानाध्यक्ष आरजी आजाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अनिच्छित हत्या का है, आगे की जांच में जो सामने आयेगा उसके अनुसार कार्रवाई की जायेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें